बिल्थरा रोड बलिया के अमृतेश यादव का पांडिचेरी प्रीमियर लीग में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर!





बिल्थरा रोड (बलिया)। नगर पंचायत बिल्थरा रोड के वार्ड नंबर 8 निवासी युवा क्रिकेटर अमृतेश कुमार यादव का चयन प्रतिष्ठित पांडिचेरी प्रीमियर लीग (टी-20) के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और युवाओं ने अमृतेश को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अमृतेश मूल रूप से जनपद मऊ के फूलपुर के निवासी हैं, जबकि वर्तमान में उनका परिवार नगर पंचायत बेल्थरा रोड के वार्ड नंबर 8 में रहता है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली (बड़ागांव) से प्राप्त की। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनकी गहरी रुचि रही और कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
उनकी सफलता के पीछे पिता राजेश कुमार यादव, माता मीना यादव एवं पूरे परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिवार ने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया, वहीं कोचों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने भी उनका निरंतर उत्साहवर्धन किया।
पांडिचेरी प्रीमियर लीग में चयन के बाद अमृतेश का लक्ष्य शानदार प्रदर्शन कर आगे आईपीएल और भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाना है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमृतेश की सफलता से बलिया और मऊ के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। सभी ने विश्वास जताया कि वह भविष्य में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बलिया, मऊ और देश का नाम रोशन करेंगे।
