उभांव थाना क्षेत्र के चंदायर कला में नई तरह की ठगी, निःशुल्क सफाई के नाम पर उड़ाए सोने के गहने

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र में पुलिस की सुस्ती के चलते चोर, उचक्के और ठगी करने वालो के हौसले बुलंद होते जा रहे है।  चंदायर कला गांव में ठगी करने का एक नया चौकाने वाला मामला चंदायर कला गांव का प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से शुक्रवार को चंदायर कला गांव पहुंचे और खुद को एक कंपनी का कर्मचारी बताते हुए “बर्तन साफ करने की फ्री सेवा” देने का झांसा देने लगे। सबसे पहले ये दोनों युवक कृष्णा कान्त यादव के घर पहुंचे, लेकिन वहां से उन्हें मना कर दिया गया। इसके बाद वे सुनील कन्नौजिया (धोबी) के घर गए, जहां उन्होंने कुछ बर्तन साफ करके भरोसा जीत लिया। इसके बाद उन्होंने गहनों को भी चमकाने की बात कही। ठगों ने कहा कि हल्दी और केमिकल के साथ गहनों को उबालने से वे नए जैसे चमक उठेंगे। गांव वालों को भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने गहने एक बर्तन में रखवाए और हल्दी डालकर उसे गैस पर चढ़वा दिया। जैसे ही ध्यान हटता, दोनों युवक मौके से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। जब बर्तन को खोला गया तो उसमें केवल हल्दी थी, और सारे गहने गायब थे। पीड़ित के अनुसार, दोनों ठग मोटरसाइकिल पर सवार थे। एक ने काले छींटेदार कपड़े पहन रखे थे, जबकि दूसरा सफेद कपड़ों में था। दोनों के माथे पर तिलक लगा हुआ था और उनकी बातचीत से किसी को शक नहीं हुआ। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगो ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *