सोनाड़ीह में दर्दनाक हादसा: 10 वर्षीय अर्जुन की सड़क दुर्घटना में मौत, परिवार में मचा कोहराम

बिल्थरा रोड उभाँव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में  रविवार की शाम करीब 6:00 बजे सोनाड़ीह चट्टी मंदिर के पास स्थित बगीचे में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोनाड़ीह निवासी गोपाल  के 10 वर्षीय पुत्र अर्जुन एक फोर व्हीलर की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी सीधे बच्चे के ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि फोर व्हीलर चालक ने ही मानवता दिखाते हुए घायल बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्जुन को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में शामिल गाड़ी किया सेल्टोस (Kia Seltos) बताई जा रही है, जो नई अवस्था में थी। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुन की मां अस्पताल पहुंचीं और अपने बेटे को देख दहाड़े मारकर रोने लगीं। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता विदेश में नौकरी करते हैं। अर्जुन दो भाइयों में छोटा था।
घटना की जानकारी मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव और आसपास के लोग स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

ईश्वर दिवंगत मासूम की आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *