जनता को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका होती है सांसद रमाशंकर राजभर


बिल्थरारोड। तहसील सभागार में बुधवार को तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन परवेज कमाल पाशा ने अध्यक्ष शौकत अली, उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश उपाध्याय, मंत्री दिनेश प्रसाद राजभर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। तत्पश्चात अध्यक्ष शौकत अली ने अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने वादकारियों को न्याय दिलाने पर जोर दिया। जनता को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए सांसद ने कहा कि जनता न्याय के लिए भटक रही है। शासन प्रशासन जनता को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में संजीदा नहीं है। ऐसे में अधिवक्ता ही पीड़ित को न्याय दिलाने में सक्षम है। विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार त्रिपाठी में बार-बेंच के बीच मधुर संबंध बनाने पर जोर दिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शौकत अली ने अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के मान, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए पूरी शक्ति लगा दूंगा। मौके पर एसडीएम निशांत उपाध्याय, तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ल, अरुण कुमार श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश उपाध्याय, ज्ञानचंद प्रजापति, सरफराज अहमद, नागेंद्र सिंह, अरुण राजभर, लालबहादुर सिंह, सविता पटेल, देवेंद्र गुप्त, सभासद सद्दाम, संजीत गुप्ता, दिलीप जायसवाल आदि मौजूद रहे।
