बिल्थरारोड में नहीं थम रही ईरिक्शा बैटरी चोरी की वारदातें, पुलिस की लापरवाही से चोर बेखौफ !
बिल्थरारोड (बलिया)। नगर में इन दिनों इरिक्शा व उनकी बैटरियों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालात यह हैं कि एक हफ्ता भी पूरा नहीं होता और कहीं न कहीं से चोरी की वारदात सामने आ जाती है। नगर में सक्रिय चोर गिरोह अब इतने बेखौफ हो गए हैं कि रात के अंधेरे में आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और पुलिस उन्हें पकड़ पाने में नाकाम साबित हो रही है।
ताजा मामला नगर के पशुहारी मार्ग का है, जहां निवासी रामाश्रय मद्धेशिया पुत्र स्व. बच्चालाल मद्धेशिया ने अपने दरवाजे पर इरिक्शा खड़ा किया था। शनिवार की रात चोरों ने इरिक्शा की बैटरी और एक चक्का चुरा लिया। सुबह जानकारी होने पर रामाश्रय ने इधर-उधर काफी तलाश की, लेकिन चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने एक संदिग्ध के खिलाफ नामजद तहरीर उभांव थाने में दी है और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में चोरी की घटनाएं अब आम हो गई हैं। खासकर ई-रिक्शा और उसके पुर्जों को निशाना बनाया जा रहा है। हालात यह हैं कि इरिक्शा स्वामियों में दहशत का माहौल है। उन्हें रात में अपने वाहन को लेकर चिंता सताती रहती है।
नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द ऐसे चोरों को पकड़ने और गश्त व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ऐसे मामलों में सतर्कता नहीं बरती तो आने वाले दिनों में यह गिरोह और भी बड़े पैमाने पर घटनाओं को अंजाम दे सकता है।

