सरया डीहूभगत गांव में शिव मंदिर से काली जी स्थान तक गंदगी के अंबार के कारण नवरात्र में पूजन करने में ग्रामीणों को करना पड़ रहा है दुश्वारियों का सामना


बिल्थरारोड। क्षेत्र के सरया डीहूभगत गांव में नवरात्रि त्योहार के अवसर पर भी स्वच्छता अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ रही है। ग्राम प्रधान तथा सफाईकर्मी के उपेक्षा के चलते शिव मंदिर स्थान से काली जी स्थान तक जाने वाले मार्ग पर गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। ग्रामीणों द्वारा कई बार ग्राम प्रधान व सफाईकर्मी को सफाई करने के लिए कहने के बाद भी इनके कान पर जूं नही रेंग रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर गंदगी के कारण वसांतिक नवरात्रि के अवसर पर काली स्थान पर पूजा करने के लिए पुरुष – महिलाओं को आने – जाने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाने से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका प्रबल हो गयी है। ग्रामीणों ने समाचार के माध्यम से सफाई कार्य करने हेतु सम्बंधित अधिकारियों का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
