दवा कारोबारी सड़क हादसे में घायल, खतरे से बाहर !
बिल्थरारोड /कुंडैल ढाला स्थित मिंटू मेडिकल स्टोर के संचालक संजय कुमार मिंटू सोमवार की रात सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गए। जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 बजे जब वह किसी निमंत्रण के बाद वापस इमिलिया रोड से घर लौट रहे थे, तभी कुत्तों के झुंड की चपेट में आकर उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई।

हादसे में उन्हें चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिसमें हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के मुताबिक संजय मिंटू अब खतरे से बाहर हैं, लेकिन उन्हें कुछ दिनों के लिए आराम की सलाह दी गई है।
संजय मिंटू क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित दवा कारोबारी हैं और उनकी दुकान मिंटू मेडिकल स्टोर कुंडैल ढाला पर सुबह से देर रात तक लोगों की सेवा में खुली रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रात में घूम रहे आवारा कुत्तों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
