बिल्थरा रोड: शिव मंदिर किनारे सरयू में मिला लापता अधेड़ का शव, मौत की गुत्थी बनी रहस्य !

बिल्थरा रोड /  उभांव थाना क्षेत्र के मठिया गांव स्थित शिव मंदिर के पास सरयू नदी में सोमवार की शाम एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सीताराम यादव (उम्र लगभग 48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बीते दो दिनों से लापता थे।
परिजनों के अनुसार, एक दिन पहले मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ था, लेकिन उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रथम दृष्टया नदी में डूबने से मौत की चर्चा है, हालांकि वह नदी में कैसे पहुंचे, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। सूचना मिलते ही शाम करीब 5 बजे उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *