बारात में चली गोली: एक घायल, पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक समेत आरोपी को किया गिरफ्तार


बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम नेवादा में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान खुशी का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया जब बारात में आए एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि एक किशोर को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, 4 मई को नेवादा निवासी विश्वेवर की पुत्री की बारात मऊ जनपद के पिपरौता गांव से आई थी। बारातियों में शामिल शिवशंकर पुत्र मुसाफिर, निवासी पिपरौता, अपने साथ एक नाली लाइसेंसी बंदूक लेकर आया था। रात करीब 10:30 बजे खाने के दौरान उसने अचानक गोली चला दी।

गोली घरातियों की ओर से शामिल लक्ष्मण पुत्र रूपचंद, निवासी रामपट्टी (थाना भीमपुरा) की दाहिनी जांघ में जा लगी। उसे इलाज के लिए मऊ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फायरिंग के समय पास में खड़ा शिवशंकर का 14 वर्षीय पुत्र शिवम भी घायल हो गया, जिसे हल्की चोटें आई हैं और उसे सीएचसी भेजा गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाइसेंसी बंदूक सहित शिवशंकर को हिरासत में ले लिया है। थाना भीमपुरा में इस मामले में तहरीर प्राप्त कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह शांत बताई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *