मीट विक्रेता पर फायरिंग कर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, पुलिस ने दो नामजद समेत तीन पर दर्ज किया मुकदमा !





भीमपुरा (बलिया)। थाना क्षेत्र के अवराई खुर्द गांव निवासी सुनील पासवान पर सोमवार को दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना बरौली बाजार से आगे नहर पुलिया के समीप उस वक्त हुई जब सुनील अपनी ऑटो से मीट की दुकान लगाकर मांस बेच रहा था।

करीब साढ़े दस बजे के आसपास एक बाइक पर सवार तीन युवक दुकान पर पहुंचे और मीट खरीदा। जब सुनील ने उनसे पैसे की मांग की तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए असलहा निकाल कर फायर कर दिया। संयोग से गोली सुनील को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। आरोपियों ने दुकान पर रखे बिक्री के पैसे भी जबरन ले लिए और दहशत फैलाने के लिए पास में खड़ी ऑटो पर भी गोली चला दी। इसके बाद हवाई फायर करते हुए तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पीड़ित ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

सुनील ने बताया कि हमलावर युवक उसी क्षेत्र के हैं और उन्हें पहचानता है। गोली चलाने वाला आरोपी एक अपराधी प्रवृत्ति का युवक है, जो ननिहाल में रह रहा है। उसने जान से मारने की धमकी भी दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने तीन से चार फायर किए जिसमें एक गोली सुनील की ओर, एक ऑटो पर और बाकी हवाई फायर किए गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

थानाध्यक्ष मदन पटेल ने बताया कि, “पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

सांकेतिक फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *