बलिया : मां-बाप का इकलौता संतान था कुएं में गिरने से मौत
हल्दी, बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुण्ड गांव में शनिवार की शाम होली खेलते समय कुंए में गिरने से एक युवक की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीताकुण्ड गांव निवासी विजय बहादुर खरवार (40) पुत्र राजनाथ खरवार शनिवार की शाम युवकों के साथ होली खेल रहा था। इसी बीच, वह अचानक पास के एक कुंए में गिर गया। वहां उपस्थित युवक विजय बहादुर को बचाने के लिए कुंए में कूद गए, लेकिन उसे नही ढूंढ पाए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष हल्दी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने पुलिस टीम, ग्रामीण व फायर बिग्रेड की मदद से शव को बाहर निकालवाया। युवक की मौत के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। वहीं, घर के सदस्यों में होली की खुशी मातम में बदल गई। विजय बहादुर अपने मां-बाप का इकलौता सन्तान था। उसकी शादी हुई थी, लेकिन कुछ वर्ष पूर्व तलाक हो गया था।
अभिषेक पाठक

