खुशियों पर जैसे ग्रहण लग गया: शादी से पहले ही दुल्हे के घर छाया मातम, तेज रफ्तार ने फिर ली एक और जान”

उभांव थाना क्षेत्र के चौकियां मोड़ के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में शाहरुपुर अफगा (खेतीहरी टोला) निवासी दीपु बिंद (27) की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दीपु किसी कार्य से बाइक से बिल्थरारोड जा रहा था, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दीपु गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले सीयर CHC ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाने के दौरान ही दीपु ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और मातम पसर गया।
दीपु छह भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। वह अपने पांचवें नंबर के भाई चंदन की 30 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारी में शामिल होने गैर-प्रांत से छुट्टी लेकर घर आया था। लेकिन शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में तब्दील हो गईं। परिजनों ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद ही शादी की नई तिथि तय की जाएगी।
गुरुवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में माहौल गमगीन है। हंसी-खुशी से सजा घर अब सन्नाटे में डूब चुका है।
क्षेत्र में बढ़ते हादसों से दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसा लग रहा है जैसे किसी की बुरी नजर इस पूरे इलाके पर पड़ गई हो। प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
