लेखपाल का धमकी भरा ऑडियो वायरल, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने वाले ग्रामीण को कहा— “तुम्हारा भी मकान गिरवा दूंगा”

बिल्थरारोड। तहसील क्षेत्र के ससना बहादुरपुर गांव के एक लेखपाल का धमकी भरा ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में लेखपाल स्पष्ट रूप से एक ग्रामीण को धमकाते हुए कह रहा है— “जैसे उनका मकान गिरा था, वैसे ही तुम्हारा भी गिरवा दूंगा। तुम मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करते हो, अब प्रधानमंत्री पर कर देना।”

इस मामले की शिकायत पीड़ित व्यक्ति द्वारा शनिवार को उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड से की गई।
गांव के निवासी भृगु पुत्र धर्मदेव ने बताया कि उन्होंने ग्राम सभा की नई पट्टी की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और खड़ंजे में हुई गड़बड़ियों की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। इसी शिकायत से नाराज होकर लेखपाल ने उन्हें फोन पर धमकी दी।

भृगु ने शनिवार को एसडीएम बेल्थरारोड से मुलाकात की, जहां एसडीएम ने आश्वासन दिया कि ऑडियो प्रकरण की जांच जारी है और लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इतना ही नहीं, पीड़ित ने सोमवार को तहसीलदार बेल्थरारोड को भी एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने नई पट्टी/बंजर भूमि पर हो रहे कब्जे और लेखपाल की भूमिका की जांच की मांग की है।

पीड़ित का आरोप है कि लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट लगाकर कब्जाधारियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों में इस प्रकरण को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि जब कोई व्यक्ति सरकार से न्याय की उम्मीद में शिकायत करता है और उसे ही धमकी मिलने लगे, तो यह शासन-प्रशासन के तंत्र पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

अब देखना यह होगा कि स्थानीय प्रशासन इस वायरल ऑडियो और कब्जे के मामले में संबंधित लेखपाल पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है।

पीड़ित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *