सर्प के काटने से हुई बच्ची के निधन पर स्कूल में शोक की लहर


बिल्थरारोड। सेंटजेवीयर्स स्कूल पिपरौली बड़ागाँव में कक्षा 1 में पढ़ने वाली 6 वर्षीय छात्रा को सांप काटने से आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही स्कूल में शोक की लहर दौड़ गयी। विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ जेआर मिश्र और वाइस प्रिंसिपल शीला मिश्रा ने मासूम छात्रा के आकस्मिक निधन पर शनिवार को शोक सभा कर दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके उपरांत पठन -पाठन बंद कर दिया गया। वाइस प्रिंसिपल शीला मिश्रा ने कहा कि जानवी यादव बहुत ही मृदुभाषी स्वभाव की होनहार छात्रा थी। वह स्कूल में हर समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेती रही है। उन्होंने जानवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार जानवी यादव पुत्री सत्येन्द्र कुमार यादव निवासी जहँगीरापुर नगरा सेंटजेवीयर्स स्कूल में कक्षा 1 की छात्रा थी। वह अपनी बहन के साथ शुक्रवार की रात्रि कमरे में बेड पर सोयी हुई थी। रात्रि लगभग 11 बजे विषैले सर्प ने जानवी के उंगली में काट लिया। इस बात को तुरंत परिजनों को बतायी। परिवार वालों ने अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गयी । इसकी खबर मिलते ही परिजनों समेत स्कूल में शोक की लहर दौड़ गयी। परिजनों ने विषधर सांप को मार दिया।
