रिश्तेदारी से लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

बलिया जनपद के बेल्थरारोड क्षेत्र से एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। ककरासो ग्राम सभा निवासी अभिमन्यु राजभर (32) पुत्र स्व. स्वामीनाथ राजभर की रविवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अभिमन्यु तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और रिश्तेदारी से लौटते समय रात्रि लगभग 11 बजे सिकंदपुर मार्ग पर यह हादसा हुआ। जैसे ही वह सड़क पार कर रहे थे, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अभिमन्यु को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया।
हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद अभिमन्यु को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इधर इस दुखद खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
