मातू महारानी मंदिर के पुजारी का भूमि विवाद अनशन उपजिलाधिकारी ने जूस पिलाकर कराया समाप्त !

बिल्थरारोड / क्षेत्र के कड़सर ग्राम में रविवार को उप जिलाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार ओमप्रकाश पांडेय, क्षेत्राधिकारी शिवनारायण वैस, थानाध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह की मौजूदगी में राजस्व कर्मियों द्वारा मातु जी महारानी मंदिर के पुजारी आनंद पांडेय की भूमि का आम सहमति से चिन्हांकन किया गया। प्रशासनिक अमले के बीच भूमि चिन्हांकन होने से पुजारी संतुष्ट दिखे। इसके बाद एसडीएम ने जूस पिलाकर पांडेय का अनशन समाप्त कराया। उल्लेखनीय है कि कड़सर ग्राम में पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इस दौरान पुजारी पांडेय ने गत 25 अप्रैल को एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा। जिसमें उनकी निजी भूमि में पंचायत भवन का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए भूमि की पैमाइश की मांग की। पांडेय का कहना है कि उनके प्रार्थना पत्र पर कोई सुनवाई नहीं की गई। जिसके चलते उन्हें 26 अप्रैल को तहसील प्रांगण में अनशन शुरू करना पड़ा। इस बीच एसडीएम के समझाने बुझाने पर पांडेय अपने गांव चले गए और वहीं एक पेड़ के नीचे अनशन जारी रखा। इस पर एसडीएम, तहसीलदार, सीओ, एसएचओ व राजस्व कर्मियों की टीम रविवार को मौके पर पहुंची तथा भूमि का चिन्हांकन किया। भूमि चिन्हांकन से पांडेय ने संतोष प्रकट किया। अंतत: एसडीएम ने पांडेय को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के चलते भूमि चिन्हांकन होने से पुजारी को जहां न्याय मिला, वहीं पंचायत भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। इससे सभी पक्षों ने राहत की सांस ली।

नीलेश दीपू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *