बीच बाजार में अनियंत्रित DCM ने मचाई तबाही, कई ठेले धराशायी — एक गंभीर रूप से घायल



बिल्थरारोड। नगर पंचायत क्षेत्र के रेलवे स्टेशन मालगोदाम मार्ग पर सोमवार की शाम करीब आठ बजे उस समय अफरातफरी मच गई जब एक अनियंत्रित DCM बीच बाजार में घुसकर कई ठेलों को टक्कर मार दी।
स्टीयरिंग फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर ठेलों और खुमचों को रौंदता चला गया। संयोग अच्छा रहा कि समय रहते लोग बचकर हट गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में सूर्य नारायण (45 वर्ष) पुत्र गुलाब गिरी निवासी बासपार बहोरवा रोड, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त वह अपने दोस्तों के साथ सड़क किनारे खड़े थे। उनके पैर में गहरी चोट आई है। उन्हें तत्काल सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।
सूचना पाकर इंस्पेक्टर संजय शुक्ला अपने दल-बल के साथ गश्त के दौरान मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने DCM चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
संयोग यह भी अच्छा रहा कि दुर्गा पूजा के बाद अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी थीं, वरना हादसा बड़ा रूप ले सकता था। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क जाम जैसी स्थिति बन गई।
