उभाँव तुर्तीपार चट्टी पर फिर दर्दनाक हादसा, जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदलीं!

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। शनिवार की रात तुर्तीपार चट्टी के पास हुए भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जन्माष्टमी की तैयारियों में जुटे परिवारों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, चंदायल कला निवासी इंद्रजीत राजभर (25) पुत्र जगदीश राजभर और धन्नजय वर्मा (29) पुत्र रमेश मौर्या जन्माष्टमी पर्व के लिए फल-फूल आदि खरीदने देवरिया जिले के भागलपुर गए थे। देर रात करीब 9 बजे जब दोनों युवक बाइक से वापस लौट रहे थे और तुर्तीपार बैरियर के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। राहगीरों की मदद से उन्हें एम्बुलेंस द्वारा सीएचसी सीयर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बेल्थरा रोड क्षेत्र में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तेज रफ्तार और ट्रैफिक व्यवस्था की अनदेखी ही इन हादसों की सबसे बड़ी वजह बताई जा रही है।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर उभांव राजेंद्र प्रसाद सिंह, जो उस समय थाने पर जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल थे, कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर पूरे हमराहियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद गांव का ही एक व्यक्ति ट्रक चालक को रोककर नीचे उतारना चाहता था, लेकिन चालक ने उससे छीना-झपटी कर अपने खलासी सहित वहां से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *