बिल्थरारोड SDM बदले: अखिलेश कुमार यादव की जगह अब कमान संभालेंगे देवेंद्र कुमार पांडे

बलिया। ज़िले की प्रशासनिक व्यवस्था में मंगलवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जिसकी गूंज सुबह से ही तहसीलों में सुनाई देने लगी। जिलाधिकारी मंगल प्रसाद सिंह ने सोमवार शाम आदेश जारी कर रसड़ा और बेल्थरारोड के उप जिलाधिकारियों (SDM) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। इस अचानक हुए फेरबदल ने अफसरशाही में खलबली मचा दी है।
अब बेल्थरारोड के नए एसडीएम होंगे देवेंद्र कुमार पांडे, जो इससे पहले बाँसडीह में न्यायिक एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। वहीं रसड़ा के नए एसडीएम बनाए गए हैं व्यास नारायण, जो पहले भी रसड़ा में न्यायिक एसडीएम के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
इस प्रशासनिक बदलाव में अखिलेश यादव को बेल्थरारोड से हटाकर रसड़ा भेजा गया है, जहाँ उन्हें न्यायिक एसडीएम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रसड़ा के पूर्व एसडीएम संजय कुमार कुशवाहा को अब बाँसडीह में न्यायिक एसडीएम बनाया गया है।
जानकारों की मानें तो एसडीएम अखिलेश कुमार यादव की कार्यशैली की आमजन में सराहना होती रही है। वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और समाधान को लेकर काफी सक्रिय रहते थे। उनके बेल्थरारोड से स्थानांतरण के बाद यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है।
