बलिया: नियम तोड़े तो सीधे मुकदमा – महावीर झंडा जुलूस में डीजे संचालकों पर हुई कार्रवाई, आने वाले त्योहारों के लिए भी सख्त निर्देश
बलिया। महावीर झंडा जुलूस में तेज आवाज में डीजे बजाना आयोजकों और संचालकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए डीजे संचालकों और आयोजकों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आयोजन से पूर्व डीजे संचालकों को स्पष्ट रूप से नोटिस जारी कर चेताया गया था कि तेज आवाज और मानक से अधिक ध्वनि ना बजाई जाए, लेकिन इसके बावजूद निर्देशों की अवहेलना करते हुए तेज आवाज में डीजे बजाया गया जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सीओ सिकंदरपुर रजनीश कुमार ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के चलते थाना सिकंदरपुर में केस दर्ज किया गया है। साथ ही डीजे मशीन और उपकरण भी पुलिस द्वारा जब्त कर लिए गए हैं। अब इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि आने वाले अन्य त्योहारों – चाहे वह जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, दुर्गा पूजा या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम के तहत हों – सभी में यही नियम लागू रहेंगे। यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था नियमों की अनदेखी करता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और मुकदमा दर्ज होगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण और नियमों के तहत मनाएं, अन्यथा उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

