बिल्थरारोड के युवक की लाश घाघरा नदी में मिली, चेहरा चोटिल, परिजनों ने फोटो से की पहचान !


बिठुआ व भीमपुरा दोनों जगहों पर रहता था मृतक विशाल, पिता का कुछ माह पूर्व ही हुआ था निधन, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


बिल्थरारोड   तहसील के बिठुआ ग्रामसभा में रह रहे युवक विशाल कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय प्रदीप कुमार का शव घाघरा नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक मूल रूप से भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसौंडर गांव का निवासी था, लेकिन हाल में बिठुआ चौहानपुरा में मकान बनवाकर परिवार समेत रह रहा था।
परिजनों के अनुसार, विशाल 24 जुलाई की शाम को एक कॉल आने के बाद अपने घर से निकला था। कॉल करने वाले ने शाम 7 बजे कहीं बुलाया था। विशाल ने अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया और अपनी पल्सर बाइक से निकल गया। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। परिवार ने खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
2 दिन बाद शनिवार  को बांसडीह थाना अंतर्गत सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र में स्थित ग्रामसभा सुल्तानपुर के पास घाघरा नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हुई। पुलिस द्वारा जारी फोटो में काले बनियान, काली पैंट, काले जूते, गले में त्रिशूल वाला लॉकेट और दाहिने कंधे पर भगवान शंकर का टैटू दिखाई दे रहा था। बाएं हाथ में काला धागा और स्मार्ट वॉच भी पहना हुआ था।
परिजनों ने फोटो देखकर शव की पहचान विशाल के रूप में की और तत्काल बलिया पहुंच गए। उन्होंने बताया कि शव के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी गहराती जा रही है।
विशाल दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। पिता का निधन कुछ महीने पहले ही हुआ था। ऐसे में यह हादसा नहीं बल्कि साजिश लग रही है, ऐसा कहना है मृतक के परिजनों का।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार


पुलिस  शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया  पूरा कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत पानी में डूबने से हुई या पहले हत्या कर शव को नदी में फेंका गया। गांव में शोक, जांच की मांग
बिठुआ और कसौंडर गांवों में शोक की लहर है। लोग स्तब्ध हैं कि तीन दिन से लापता युवक की लाश इस हालत में नदी से मिलेगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस घटना की गहराई से जांच की जाए और यदि यह हत्या है तो दोषियों को सख्त सजा दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *