बिल्थरारोड में बिजली विभाग की जनसुनवाई: अब उपभोक्ता खुद देख सकेंगे बिल, मीटर रीडर की नहीं पड़ेगी ज़रूरत

बिल्थरारोड (बलिया)। स्थानीय अवांया विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को आयोजित जनसुनवाई में ऊर्जा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी एवं सहायक अभियंता अभिषेक चौहान ने उपभोक्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि अब बिजली उपभोक्ता खुद अपने बिल का प्रबंधन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर उपभोक्ता सशक्तिकरण और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में यह बड़ा कदम उठाया गया है।

चौहान ने कहा कि उपभोक्ता अब अपने मोबाइल पर बिजली बिल देख सकेंगे, स्वयं मीटर रीडिंग दर्ज कर बिल तैयार कर उसका भुगतान भी कर सकेंगे। इसके लिए न मीटर रीडर की ज़रूरत होगी और न ही बिल बाबू की। कोई भी शिकायत ऑनलाइन दर्ज की जा सकेगी, जिसकी स्थिति मोबाइल ऐप पर देखी जा सकती है।

उन्होंने बताया कि जब पहली बार मीटर रीडर उपभोक्ता के घर जाएगा, तो वह उपभोक्ता के मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कर उसका उपयोग करना सिखाएगा। इसके बाद उपभोक्ता खुद ही बिलिंग संबंधी सभी कार्य कर सकेंगे।

जनसुनवाई के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने मीटर रीडर्स की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत की, जिस पर विशेष कार्याधिकारी ने कहा कि शिकायतें लिखित रूप में दें, ताकि नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 15 लिखित शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।

इस मौके पर पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया ने बिल्थरारोड में 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की समस्या का मुद्दा उठाया। वहीं अहिरौली गांव के लोगों ने ट्रांसफार्मर के बार-बार जलने की शिकायत की, जिस पर चौहान ने एक्सईएन बलिया को उसकी क्षमता 100 केवीए से बढ़ाकर 300 केवीए करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *