सोनाडीह मोड़ के पास सड़क दुर्घटना, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल !
बिल्थरारोड /मधुबन से चौकिया मोड़ की ओर जा रहा एक बाइक सवार युवक मंगलवार की रात लगभग 9:30 बजे एक खड़ी चार पहिया वाहन से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोनाडीह मोड़ के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान मन्नू राजभर पुत्र स्वर्गीय लाल मोहन, निवासी रामपुर बेलौली, थाना रामपुर, के रूप में हुई है। वह मोटरसाइकिल से मधुबन की तरफ से चौकिया मोड़ जा रहा था। इसी दौरान वह रास्ते में खड़ी एक कार से जा भिड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक सवार नशे की हालत में था और उसी ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए सीधे चार पहिया वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मन्नू गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद कार चालक ने घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सियर पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक, घायल युवक के पेट में गंभीर चोट आई है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

