पूर्वांचल पैलेस रोड पर हादसा – बोलेरो पलटी, रोडवेज के रिटायर्ड कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
बिल्थरारोड / बलिया, रविवार: रविवार सुबह करीब 11 बजे पूर्वांचल पैलेस वाली सड़क पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में नगर पंचायत बिल्थरारोड, वार्ड संख्या 6 के निवासी एवं रोडवेज के रिटायर्ड कर्मचारी रामचंद्र राम (68)गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्र राम बोलेरो गाड़ी से कहीं जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ग्रैंड पिटारा गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ग्रैंड पिटारा गाड़ी किसी शादी में दहेज के रूप में देने जाने वाली थी, जिसे एक नौसिखिया ड्राइवर चला रहा था। गाड़ी की रफ्तार और लापरवाही के कारण टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो मौके पर ही पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल रामचंद्र राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया।



