भीमपुरा थाने से POCSO आरोपी फरार, पीड़ित परिवार डरा-सहमा, पुलिस दबिश में जुटीचार दिन तक टालमटोल के बाद FIR, फिर पकड़ाया आरोपी – थाने से हुआ फरार!

भीमपुरा (बलिया)। भीमपुरा थाने से शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी ने थाने से ही फरार होकर पुलिस को चकमा दे दिया। यह वही आरोपी है, जिस पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म का गंभीर आरोप है। थाने से फरारी की खबर लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

इधर, पुलिस की लापरवाही से आहत पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता के पिता ने बताया कि अगर हमारे परिवार पर कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बलिया पुलिस की होगी।

22 अप्रैल को नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाया गया था
थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग हिंदू लड़की को 22 अप्रैल को दूसरे समुदाय के युवक ने शादी का झांसा देकर भगाया। जब लड़की के पिता ने भीमपुरा थाने में शिकायत की, तो पुलिस ने मामला मऊ जनपद का बता टाल दिया। थक-हारकर पिता मऊ थाने पहुंचे, तो वहां से भी लौटा दिया गया। चार दिनों तक चक्कर काटने के बाद 25 अप्रैल को मामला दर्ज हुआ।

साइबर ठगी और धमकी भरे फोन कॉल
मुकदमा दर्ज होने के बाद 26 अप्रैल को एक व्यक्ति ने फोन कर लड़की की लोकेशन बताने के नाम पर पिता को साइबर ठगी का शिकार बना डाला। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। इसके बाद आरोपी ने दूसरे मोबाइल नंबर से धमकी दी कि केस हटा लो, नहीं तो लड़की को रास्ते में छोड़ देंगे।

बेंगलुरु से पकड़ा गया आरोपी, लेकिन थाने से भाग निकला
आखिरकार आरोपी का पता चला कि वह बेंगलुरु में है। पीड़िता के पिता पुलिस टीम के साथ 29 अप्रैल को वहां पहुंचे और आरोपी को लड़की सहित बरामद कर लिया गया। 3 मई को सुबह करीब 11 बजे आरोपी को भीमपुरा थाने लाया गया, जहां उसे हवालात में बैठाया गया। लेकिन हैरानी की बात ये है कि उसी शाम आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया।

पुलिस पर सवाल, पीड़ित परिवार में डर
पीड़िता के पिता ने कहा, “मैंने अपनी बेटी को वापस पाने के लिए दिन-रात एक कर दिया, लेकिन थाने से आरोपी के भागने की खबर ने मुझे तोड़ दिया। अब डर लग रहा है कि आरोपी की धमकी सच न हो जाए।”

पुलिस कह रही, तलाश जारी है
इस पूरे मामले पर भीमपुरा थाना प्रभारी मदन पटेल ने कहा कि किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लड़की का मेडिकल जिला अस्पताल में करवाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *