टेम्पो में मृत पाए गए वृद्ध की पहचान अरविन्द बरनवाल निवासी सिकन्दरपुर के रूप में हुई


बिल्थरारोड। बीते रविवार को एक आटो में मृत पाए गए वृद्ध की पुलिस द्वारा शिनाख्त कर ली गयी है। पुलिस के अनुसार वृद्ध बिहार से अपनी बेटी के घर से वापस अपने घर सिकन्दरपुर जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। समाचार में प्रकाशित खबर से उनके परिजनों को इसकी जानकारी हुई। मृतक सिकन्दरपुर निवासी अरविन्द बरनवाल के रुप में हुई है। घटना की जानकारी से घर में कोहराम की स्थिति है। घटना के सम्बन्ध में मृतक के पुत्र आदर्श बरनवाल ने बताया कि मेरी बहन रेनू विहार राज्य के ग्राम सासामुसा, जिला गोपालगंज रहती हैं। तीन दिन पूर्व वह उनके वहां गए थे। रविवार की दोपहर वह वहां से घर के लिए रवाना हुए। परन्तु जब रात तक घर नहीं पहुंचे तो उन्हें इसकी चिंता हुई। भोर होते ही वह अपनी बहन के यहां रवाना हो गए। वहां जिस बस से वह भागलपुर पहुंचे थे, उस चालक ने बताया कि वह उन्हें भागलपुर छोड़ दिया था। इस दौरान उसने उनको एक बाटल पानी भी दिया। आदर्श ने बताया कि जब वह पिता के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे थे कि तभी मेरे मौसेरे भाई अभिषेक बरनवाल का फोन आया। उन्हीं से उनको घटना की जानकारी मिली। सीयर पुलिस चौकी प्रभारी बांक बहादुर सिंह ने अभिषेक से पूछताछ कर उनके पिता के पास से मिला झोला उनको सौंप दिया।
