आजादी के अमृत महोत्सव पर नवजीवन स्कूल से बच्चों ने निकाला तिरंगा यात्रा

बिल्थरारोड / में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत नवजीवन इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा में बच्चों के जोश के आगे चिलचिलाती धूप भी फीकी रही। बच्चों द्वारा लगाए भारत मां की जय व वंदे मातरम् के गगनचुंबी नारों से पूरा नगर देशभक्ति मय नजर आया। देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव के तहत घर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में नवजीवन इंग्लिश स्कूल के बच्चों द्वारा भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों ने भारत माता के वीर सपूतों भगत सिंह, चंद्रशेखर, अश्फाकुल्ला खां, मंगल पाण्डेय, चित्तू पांडेय, वीर अब्दुल हमीद सहित देश की आजादी के लिए हंसते हंसते अपने प्राणों की आहूति देने वाले शहीदों के नाम पर नारे बुलंद किए। बच्चों की लगभग एक किमी लम्बी रैली व उनके हाथों में तिरंगा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों द्वारा भारत माता की जय के लगाए जा रहे गगनभेदी नारे को सुनकर सड़क पर चल रहे लोगों ने भी जयकारे लगाए। तिरंगा यात्रा स्कूल से प्रारंभ होकर नगर की तरफ बढ़ गई। तिरंगा यात्रा चौधरी चरण सिंह तिराहा होते हुए सीयर पुलिस चौकी पहुंची। सीयर पुलिस चौकी के आसपास के दुकानदारों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा भारत माता की जय व वंदे मातरम् के नारे लगाए। बच्चों, दुकानदारों व राहगीरों द्वारा एक साथ लगाए जा रहे नारों से नगर में देशप्रेम का जज्बा पैदा हो गया था। बाद में बच्चों द्वारा तिरंगा यात्रा पुलिस चौकी से वापस लौट चली तथा विद्यालय प्रांगण में पहुंच कर सम्पन्न हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *