बिल्थरारोड में थम नहीं रहा सड़क हादसों का सिलसिला, दो दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
आखिर कब जागेगा जिम्मेदार विभाग? क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों ने बढ़ाई चिंता, सड़क सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
बिल्थरारोड (बलिया)। बिल्थरारोड क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाएं लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही हैं। बुधवार की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं ने एक बार फिर क्षेत्र की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उभांव थाना क्षेत्र के अखोप गांव में बुधवार रात करीब 8:30 बजे पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में हेमंत उर्फ टिल्लू (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतीश कुमार (18) और दयाशंकर (65) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. राकेश सिंह ने गंभीर हालत देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। दयाशंकर के सिर में गंभीर चोट लगने से वह अचेत अवस्था में थे।
वहीं, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डुहाँ बिहरा निवासी दिव्यांशु (25) भी बाइक अनियंत्रित होने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आखिर बिल्थरारोड की सड़कों पर हादसों का सिलसिला क्यों नहीं थम रहा?
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिम्मेदार विभाग क्या कदम उठा रहे हैं? क्या सड़कों पर नियमित निगरानी, तेज रफ्तार पर नियंत्रण, यातायात नियमों का पालन और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों की जरूरत नहीं है?
क्षेत्रीय लोगों का सवाल है कि आखिर कब जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर ध्यान देंगे, ताकि सड़कें हादसों का कारण नहीं, बल्कि सुरक्षित सफर का माध्यम बन सकें।
