दुबई में उभांव थाना क्षेत्र के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर में मचा कोहराम
उभांव थाना क्षेत्र के ससना बहादुरपुर निवासी दिलीप राजभर (26), पुत्र ओमप्रकाश राजभर की दुबई में मौत हो गई। दिलीप दो भाइयों में बड़े थे और दुबई में एक निजी कंपनी में काम करते थे।
परिवार के अनुसार, दिलीप रोज की तरह काम से वापस लौटे और खाना खाने के बाद सो गए। 15 सितंबर को दिन में उनके मित्रों ने जब उन्हें जगाने का प्रयास किया तो वह मृत अवस्था में मिले। इसके बाद कंपनी की ओर से परिवार को सूचना दी गई।
परिजनों के मुताबिक कंपनी ने शव को करीब एक सप्ताह के भीतर भारत भेजने की बात कही है। ऐसे में 23 सितंबर के आसपास दिलीप का शव बेल्थरा रोड पहुंचने की संभावना बताई जा रही है।
दिलीप के पिता ओमप्रकाश राजभर राजमिस्त्री का काम करते हैं। परिवार में जवान बेटे की मौत की खबर से मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

