डिजिटल पेमेंट पर टैक्स लगाने की चर्चा से व्यापारियों में नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी

बलिया। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बलिया की ओर से बुधवार, 16 सितंबर 2026 को कैंप कार्यालय विष्णुपुर में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा डिजिटल पेमेंट पर टैक्स लगाए जाने संबंधी चर्चा को लेकर व्यापारियों ने गंभीरता से विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि एक तरफ सरकार देश में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ डिजिटल पेमेंट पर टैक्स लगाने की बात सामने आने से व्यापारियों और आमजन में असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम से लोगों का रुझान दोबारा नकद लेनदेन की ओर बढ़ सकता है।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के क्रम में जनपद बलिया से निर्धारित तिथि पर ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजकर अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार व्यापारियों की मांग पर विचार नहीं करती है तो आगे आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान आज व्यापार और आमजन के दैनिक लेनदेन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में डिजिटल लेनदेन से जुड़े किसी भी अतिरिक्त भार का असर व्यापारियों और उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला संयोजक सदेव गुप्ता, जिला महामंत्री शुभम गुप्ता एडवोकेट, जिला प्रवक्ता संजय गुप्ता एडवोकेट, जिला मंत्री हर्ष अग्रवाल, आशीष बागी, गंगासागर आचार्य, ओमकार सोनी, विवेक गुप्ता, पिंकू सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
