बलिया में खटाल संचालक दो भाइयों पर जानलेवा हमला
पेट में चाकू लगने से एक की आंत बाहर निकली, दोनों की हालत गंभीर; गांव में पुलिस तैनात


बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के दोथ गांव (पोस्ट सोनाडीह) में गुरुवार की रात करीब 9 बजे पुराने जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में अमरेश बहादुर सिंह (45) और मनजेश सिंह (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। पेट में चाकू लगने से एक भाई की आंत बाहर निकल आई, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोथ गांव निवासी जितेंद्र सिंह का अपने पट्टीदारों से पुराना जमीनी विवाद चल रहा है। गुरुवार की रात किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पट्टीदार पक्ष का एक युवक खटाल पर पहुंचा और अपशब्द कहने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू से अमरेश और मनजेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चाकूबाजी में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए दोनों को ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन दोनों को बेहतर इलाज के लिए मऊ लेकर गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उभांव इंस्पेक्टर दिनेश पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
