नगर के मुख्य बाजार में जर्जर मकान धराशायी, बड़ा हादसा टला — मोहल्ले वासी बाल-बाल बचे

बिल्थरारोड। नगर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले क्षेत्र मेन बाजार, वार्ड नंबर 03  बैंक ऑफ बड़ौदा वाली गली में आज एक बड़ा हादसा टल गया। इस गली के आख़िरी छोर पर स्थित भरत मोदनवाल का पुराना मकान बृहस्पतिवार की रात्रि लगभग 10 बजे अचानक भरभरा कर धराशायी हो गया। हादसा इतना जोरदार था कि  मकान का छज्जा गिरते हुए मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। गनीमत रही कि हादसे के समय गली में ज्यादा आवाजाही नहीं थी, जिससे स्थानीय लोग बाल-बाल बच गए। आसपास के लोग इस भयावह दृश्य को देखकर सहम गए और तत्काल मौके से दूर हट गए।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह मकान काफी समय से जर्जर स्थिति में था और इसके मालिक कहीं अन्यत्र निवास करते हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि कई बार मकान की स्थिति को लेकर चिंता जताई गई थी, लेकिन कोई मरम्मत या सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *