बोलेरो की चपेट में आने से 80 वर्षीय वृद्ध की मौत!

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के कड़सर गांव की चट्टी के समीप गुरुवार अपराह्न तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से 80 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कड़सर गांव निवासी बैजनाथ वर्मा (80) पुत्र स्व. बसंत वर्मा कड़सर चट्टी पर एक दुकान के सामने बेंच पर बैठकर गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान चंदाडीह गांव निवासी आजाद वर्मा पुत्र रामनारायण वर्मा तेज रफ्तार से बोलेरो लेकर वहां पहुंचा।

बताया जा रहा है कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बेंच पर बैठे बैजनाथ वर्मा को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना से मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, घटना के संबंध में इंस्पेक्टर उभांव ने बताया कि उन्हें अभी घटना की जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *