युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाएं : देवेंद्र मोहन



बेल्थरा रोड। नगर के आदित्य मैरिज हॉल में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का सकारात्मक उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया गया।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बलिया विभाग के सह विभाग कार्यवाह देवेंद्र मोहन ने कहा कि युवा देश की वर्तमान शक्ति हैं। युवाओं के विचार, संस्कार और संकल्प ही राष्ट्र के भविष्य को दिशा देते हैं। उन्होंने युवाओं से व्यक्तिगत विकास के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा अनुशासन, सेवा, संस्कार, कर्तव्यबोध और राष्ट्रभाव को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सम्मेलन के दौरान युवाओं ने विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं मुख्य वक्ता के समक्ष रखीं, जिनका उन्होंने समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन आलोक गिरी ने किया। समापन सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला कार्यवाह सतीश, खंड संघचालक प्रेम शंकर, सह खंड संघचालक शारदा, खंड प्रचारक आदर्श, खंड कार्यवाह संतोष, सह खंड कार्यवाह सुनील, राम आशीष सहित विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
