पेड़ के नीचे रहकर गुजारते थे जिंदगी, सोनाडीह गांव में दिव्यांग अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी!


बिल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में सोमवार की सुबह एक दिव्यांग अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार बुजुर्ग की उम्र लगभग 70 वर्ष थी और वह पिछले कई महीनों से गांव में ही एक पेड़ के नीचे रहकर अपना जीवन गुजार रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि दिव्यांग होने के कारण वह कहीं आ-जा नहीं पाते थे। गांव के लोग ही मानवता के नाते उन्हें समय-समय पर भोजन आदि उपलब्ध कराते थे। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने उन्हें पेड़ के नीचे मूर्छित अवस्था में देखा। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर इसकी सूचना टंगुनिया पुलिस चौकी को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक बुजुर्ग का नाम-पता और वह मूल रूप से कहां के रहने वाले थे, इसकी जानकारी गांव के किसी व्यक्ति को नहीं हो सकी।
ग्राम प्रधान सूर्यभान द्वारा पंचनामा की कार्रवाई कराते हुए पुलिस को आवश्यक जानकारी दी गई। पुलिस मृतक दिव्यांग बुजुर्ग की पहचान कराने के साथ ही आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *