अवैध खनन पर एसडीएम शरद चौधरी का बड़ा एक्शन, दो ट्रैक्टर व एक लोडर सीज!

बेल्थरा रोड (बलिया)। क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर और एक लोडर को सीज कर दिया। एसडीएम शरद चौधरी की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा होती रही।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दिन में उपजिलाधिकारी शरद चौधरी अन्य अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जमुआव एवं राजपुर क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान खनन कार्य होता पाया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके तहत दो ट्रैक्टर तथा एक लोडर को सीज कर दिया गया। प्रशासन की अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और खनन माफियाओं में खलबली मच गई।

एसडीएम शरद चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है, जबकि आम नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *