उभांव थाना परिसर में युवक से मारपीट का आरोप, बेहोश होने पर अस्पताल में भर्ती

बिल्थरा रोड। उभांव थाना परिसर में पुलिसकर्मियों पर युवक के साथ मारपीट का आरोप लगने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहित गौड़ ने आरोप लगाया है कि थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके भाई सुरेश गौड़ के कान के पास कई थप्पड़ मारे, जिससे वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। विरोध करने पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
हालत बिगड़ने पर पुलिस ने ही डायल 112 वाहन से सुरेश गौड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। परिजनों का कहना है कि सुरेश गौड़ पिछले दो वर्षों से पथरी और ब्लड प्रेशर की बीमारी से पीड़ित हैं तथा नियमित दवा चल रही है। कथित पिटाई के बाद उनकी स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना की जानकारी फैलते ही बेल्थरा रोड क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गईं। अस्पताल और थाना परिसर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं उभांव एसएचओ दिनेश पाठक ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला गलतफहमी का प्रतीत हो रहा है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *