हीटवेव को लेकर सीयर ब्लॉक अलर्ट, पंचायत सचिव गांवों में रहकर करेंगे जनसेवा कार्य

बिल्थरा रोड। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सीयर ब्लॉक प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को सीयर ब्लॉक के डवाकरा हाल में ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सचिवों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवागत खंड विकास अधिकारी सूर्यप्रकाश भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि हीटवेव की स्थिति को देखते हुए वे अपने-अपने पंचायत भवनों से नियमित रूप से कार्य करें, ताकि ग्रामीणों को छोटे-बड़े कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालय तक न आना पड़े। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आम जनता को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ब्लॉक प्रमुख ने सचिवों से कहा कि गांव स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही पंचायत भवनों पर पेयजल, छाया व अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
खंड विकास अधिकारी सूर्यप्रकाश ने भी साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक करना भी बेहद आवश्यक है, ताकि लोग गर्मी से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रह सकें।
बैठक में एडीओ पंचायत मनोज कुमार सिंह सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सचिव मौजूद रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांव-गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने और शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का भरोसा दिलाया।
ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर कार्य होने से तेज गर्मी में अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
