दर्दनाक सड़क हादसा: एएनएम की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल!



बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के नगरा-बिल्थरारोड मार्ग पर बुधवार को अवायां गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में नगरा में तैनात बेल्थरा निवासी एएनएम नीतू (35) पत्नी धनंजय की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार बाइक, ई-रिक्शा और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नीतू की हालत गंभीर होने पर उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना में घायल अन्य लोगों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है, जिनमें से कई को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों में अवायां निवासी पंकज (40), बेल्थरा निवासी धनंजय (35), शाहपुर अफगां निवासी गिरिजा देवी (45), तेलमा निवासी राजाराम (45), छोटी टंगुनिया निवासी संगीता यादव (18), टंगुनिया निवासी ज्योति (20), शाहपुर निवासी विमली देवी (45), बेल्थरा निवासी राज (22), शाहपुर निवासी चांदनी देवी (35) और कोथ निवासी रेनू देवी (33) सहित अन्य लोग शामिल हैं।
सूचना मिलते ही सीयर पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। इसके बाद उभांव इंस्पेक्टर दिनेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
👉 हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
