बेल्थरा रोड सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम–एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 150 में 10 का मौके पर निस्तारण, फरियादियों को मिली कुर्सी पर सुनवाई की व्यवस्था

बलिया। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील बेल्थरारोड में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संयुक्त रूप से की।
समाधान दिवस में दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। इस दौरान एक महिला शिकायतकर्ता जमुना देवी ने दबंगों द्वारा जमीन पर कब्जा कर घर निर्माण रोकने का आरोप लगाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित लेखपाल, कानूनगो व एसडीएम को मौके पर जाकर जांच कर तत्काल कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
वहीं विकास खंड सीयर के ग्राम हल्दीरामपुर में चकनाली निर्माण की शिकायत पर डीएम ने टीम गठित कर जल्द नाली निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में भूमि विवाद, स्मार्ट मीटर और वरासत बैमाना जैसे मामलों की भी सुनवाई हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भूमि विवादों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करे।
इस दौरान एक खास पहल देखने को मिली, जहां एसडीएम शरद चौधरी के निर्देशन में फरियादियों को खड़े रहने के बजाय कुर्सी पर बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं, जिससे लोगों में संतोष नजर आया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 150 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर जांच व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम बेल्थरारोड, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *