असरेपुर में टूटा परिवार का सहारा: पहले ही दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत, अब तीसरे ने फांसी लगाकर दी जान!

बलिया (उभाँव)। थाना क्षेत्र के असरेपुर गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 36 वर्षीय बृजेश पासी पुत्र राजदेव ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर अपनी जीवन  समाप्त कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृजेश पासी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि उनके पिता राजदेव के तीन पुत्र थे, जिनमें से दो की पहले ही सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हो चुकी है। अब तीसरे पुत्र बृजेश की इस तरह मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बृजेश की शादी हो चुकी थी और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह मंगलवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। कुछ देर बाद, उनके दिवंगत भाई की पत्नी जब किसी काम से कमरे के पास पहुंची तो उन्होंने बृजेश को फंदे से लटका देखा। यह देख घर में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना तुरंत उनके पिता द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बृजेश नशे के भी आदी बताए जा रहे थे, हालांकि आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
इस दुखद घटना के बाद पूरे असरेपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *