विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान अंतिम चरण में, 85% नोटिसों की सुनवाई पूरी

बिल्थरा रोड।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। शनिवार को उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने तहसील सभागार में समीक्षा बैठक कर प्रगति की जानकारी ली और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि अब तक 84–85 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि 95 प्रतिशत मतदाताओं तक बीएलओ के माध्यम से नोटिस पहुंचा दिए गए हैं। नोटिस सुनवाई की अंतिम तिथि 27 मार्च निर्धारित है, हालांकि प्रशासन ने समय से पूर्व कार्य पूर्ण करने का भरोसा जताया है। विधानसभा क्षेत्र में कुल लगभग 50 हजार मतदाता अंतिम सूची में शामिल हैं। वर्तमान में 76 प्रकरण लंबित हैं और करीब 1300 नोटिसों का तामील होना बाकी है, जिसे होली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि जिम्मेदारी और टीम वर्क के बल पर ही अभियान सफल होगा। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि शेष 15 प्रतिशत कार्य शीघ्र पूरा कर प्रत्येक बीएलओ से नोटिस वितरण की विस्तृत रिपोर्ट ली जाए। त्योहारों के कारण बाहर गए मतदाताओं के लौटने पर उनके दस्तावेज अपलोड कराने और 100 प्रतिशत नोटिस डिलीवरी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में “रिफ्यूज टू साइन” की प्रविष्टि न की जाए और आवश्यक दस्तावेज अवश्य प्राप्त किए जाएं। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से हट गया हो तो तुरंत फार्म-6 भरवाकर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाए। प्रशासन का दावा है कि 45 दिनों के भीतर अभियान को पूरी तरह सफल बना लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *