होली पर उज्ज्वला परिवारों को बड़ी सौगात, 2.26 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंची रिफिल सब्सिडी!



बलिया। होली के पावन अवसर पर केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से जनपद के उज्ज्वला लाभार्थियों को बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेशभर के 1.86 करोड़ परिवारों को 1500 करोड़ रुपये की गैस रिफिल सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इसी क्रम में बलिया जिले के 2,26,449 उज्ज्वला लाभार्थियों के खातों में भी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए धनराशि स्थानांतरित की गई।
ऑफिसर्स क्लब में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में 15 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान योजना से संबंधित लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। जिलाधिकारी ने सभी माताओं-बहनों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार गरीब परिवारों की खुशियों में आर्थिक बाधा नहीं आने देगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि Narendra Modi और Yogi Adityanath के नेतृत्व में बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान, मुफ्त राशन योजना से खाद्यान्न और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे गरीब परिवारों को संपत्ति गिरवी रखने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
कार्यक्रम में सीडीओ ओजस्वी राज, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की गई।
