बिल्थरा रोड में जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त: वन-वे व्यवस्था व पार्किंग नियम लागू करने की उठी मांग !

बिल्थरा रोड (बलिया)। नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ते जाम और अव्यवस्थित यातायात से आमजन व व्यापारी परेशान हैं। बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों की भीड़ से स्थिति गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ठोस ट्रैफिक प्लान लागू करने की मांग की है।
राधिका मैरिज हाल के संचालक संतोष जी ने कहा कि कस्बे में वन-वे व्यवस्था लागू की जाए। चौधरी चरण सिंह तिराहा से रेलवे स्टेशन की ओर ई-रिक्शा संचालित हों तथा रेलवे स्टेशन से माल गोदाम होते हुए इमिलिया रोड की तरफ निकासी सुनिश्चित की जाए। वैकल्पिक रूप से रेलवे स्टेशन से डाक बंगला होते हुए मधुबन ढाला की ओर भी मार्ग निर्धारित किया जा सकता है। उनका कहना है कि आमने-सामने वाहनों के प्रवेश से जाम की समस्या बढ़ती है।
ड्राफ्टमैन राजेश कुमार गुप्ता ने बड़े वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक भारी वाहनों का कस्बे में प्रवेश वर्जित कर दिया जाए, जिससे बाजार क्षेत्र में दबाव कम होगा।
व्यापारी पवन कुमार वर्मा (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर कार्यवाह ) ने सुझाव दिया कि रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन बस स्टेशन या सोनाड़ीह मोड़ से इमिलिया रोड होते हुए बाईपास मार्ग का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन छोटे हादसे और विवाद होते हैं।
लूपिन डायग्नोस्टिक के संचालक हेमंत शुक्ला जी ने कहा कि वन-वे व्यवस्था लागू होने से बाजार को जाम से मुक्ति मिलेगी और बाजार की रौनक बढ़ेगी। ग्राहकों को सुगम आवागमन मिलेगा तो व्यापार में भी सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा।
मौर्य कंप्यूटर के संचालक मौर्य जी ने कहा कि ई-रिक्शा एक तरफ से प्रवेश करें तथा रेलवे स्टेशन से दो अलग-अलग मार्ग—एक माल गोदाम की ओर और दूसरा डाक बंगला की ओर—निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि ट्रैफिक का दबाव विभाजित हो सके।
वहीं राहुल मास्टर का कहना है कि कस्बे में मार्केटिंग के लिए आने वाले लोग अपनी फोर व्हीलर गाड़ियों को चौधरी चरण सिंह तिराहा से पहले या रेलवे स्टेशन की ओर निर्धारित स्थान पर पार्क करें। यदि बाजार के भीतर अनावश्यक पार्किंग बंद हो जाए तो जाम की स्थिति में काफी सुधार संभव है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि यदि प्रशासन समन्वित ट्रैफिक व्यवस्था, वन-वे सिस्टम और पार्किंग नियमों को सख्ती से लागू करे तो बेल्थरा रोड कस्बे को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *