सरयू में डूबने से वृद्ध की मौत, उभांव पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव किया बरामद

बिल्थरा रोड, बलिया।
उभांव थाना क्षेत्र के दोहरीघाट पंप कैनाल तुर्तिपार (डीएसपी हेड) के समीप सोमवार देर शाम सरयू नदी में डूबने से पिपरोली बड़ा गांव निवासी 75 वर्षीय सुखदास मौर्य की मौत हो गई। सूचना मिलते ही उभांव पुलिस सक्रिय हुई और ग्रामीणों के सहयोग से नाव व मोटर बोट के माध्यम से नदी में खोज अभियान चलाया गया। कुछ देर बाद सुखदास मौर्य का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
परिजनों के अनुसार, सुखदास मौर्य रविवार को लगभग 11 बजे घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को डीएसपी हेड तुतिपार के पास सरयू नदी के तट पर उनका कोट, कपड़े और चश्मा पड़ा मिलने से किसी अनहोनी की आशंका गहराई।
परिजनों ने यह भी बताया कि सुखदास मौर्य की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। उनके परिवार में तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। घटना की खबर मिलते ही गांव और परिजनों में कोहराम मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *