उभाँव थाना क्षेत्र में घाघरा नदी से युवती का शव बरामद, बड़ी बहन की तलाश जारी

बेल्थरा रोड (बलिया)। मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के गाज़ीपुर गांव की रहने वाली दो सगी बहनें 24 जून को एकादशी स्नान के दौरान घाघरा नदी में अपने डूबते भाई को बचाने के प्रयास में तेज धारा में बह गई थीं। शनिवार को इनमें से छोटी बहन प्रतिज्ञा यादव का शव बेल्थरा रोड तहसील के उभाँव थाना क्षेत्र में घाघरा नदी किनारे बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद से एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय प्रशासन लगातार सर्च अभियान चला रहे थे। चौथे दिन उभाँव थाना क्षेत्र में शव मिलने के बाद भी बड़ी बहन की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि जब तक बड़ी बहन का पता नहीं चल जाता, तब तक एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों का सर्च अभियान जारी रहेगा।
