बलिया में चाकूबाजी में घायल एक भाई की मौत, दूसरा BHU रेफर पुराने विवाद में दो भाइयों पर हुआ था जानलेवा हमला, 3 आरोपी हिरासत में; 2 की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 टीमें गठित
बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में गुरुवार रात हुए चाकूबाजी के मामले में गंभीर रूप से घायल अमरेश बहादुर सिंह (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल उनके भाई मंजेश सिंह (35) को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि गांव के ही पट्टीदार रामकरण सिंह और उसके परिवार के लोगों ने अमरेश बहादुर सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह पर चाकू से हमला कर दिया है। दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी सीयर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मऊ रेफर किया गया। मऊ में इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान मंजेश और अमरेश उसे समझाने पहुंचे। आरोप है कि इसी बीच रामकरण सिंह और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री की तहरीर पर नामजद पांच आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मामले में नामजद पांच आरोपियों में से घटना में संलिप्त तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। वहीं फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और एहतियातन पुलिस की निगरानी बनी हुई है। मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने घटना के संबंध में जानकारी दी है।
