दुर्गा मंदिर के पास चाकूबाजी से मचा हड़कंप, दो किशोर गंभीर घायल
उभांव, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के अवाया गांव स्थित दुर्गा मंदिर के पास सोमवार को चाकूबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात में तीन किशोर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान अवाया गांव निवासी 16 वर्षीय शिवम और 15 वर्षीय नीरज कुमार के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों के हाथ की नसों में गंभीर चोट होने की आशंका है।



वहीं, घटना में घायल 14 वर्षीय गोलू कुमार के पेट में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल किशोरों के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
