बिल्थरारोड में गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल, दुर्गा पूजा समिति ने कराया विशाल भंडारा






बिल्थरारोड (बलिया)। नवनिर्माण दुर्गा पूजा सेवा समिति द्वारा चौधरी चरण सिंह तिराहा पर आयोजित भव्य भंडारे में मंगलवार की शाम गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनूठी झलक देखने को मिली। माँ दुर्गा की आराधना के उपरांत हर वर्ष की भांति इस बार भी समिति ने विशाल भंडारे का आयोजन किया, जिसमें हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ मिलकर श्रद्धापूर्वक सेवा की।
समिति से जुड़े सभासद परवेज़ हामजा ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और सभी समुदायों की सहभागिता ही इसकी विशेषता है। उन्होंने कहा, “कुछ लोग विरोध करते हैं, लेकिन माता रानी की कृपा और लोगों के स्नेह से हर वर्ष यह आयोजन सफल रहता है।”
भंडारा शाम साढ़े छह बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर साम्प्रदायिक एकता और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान एक कुंतल दूध से बनी खीर ने आयोजन में मिठास घोल दी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया अपने समर्थकों के साथ उपस्थित रहे और श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं, वर्षों से अपनी सेवा परंपरा को निभा रहे बबलू ग्रीनप्लाई इस बार भी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित करते नज़र आए।
नगर में इस अवसर पर धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता का दुर्लभ उदाहरण देखने को मिला, जिसने बिल्थरारोड की पहचान को एक बार फिर “आपसी भाईचारे की भूमि” के रूप में मजबूत कर दिया।
