दिवंगत शिक्षक रामप्यारे के परिवार को मिलेगी 50 लाख की आर्थिक मदद, टीएससीटी ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
बिल्थरारोड, बलिया। असमय दुनिया छोड़ गए प्राथमिक विद्यालय तेलमा में तैनात शिक्षक रामप्यारे के परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) आगे आई है। संगठन की ओर से उनकी पत्नी मीना देवी और तीन बच्चों को करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


शुक्रवार को टीएससीटी की जिला टीम बेल्थरारोड बस स्टैंड के पीछे स्थित दिवंगत शिक्षक के आवास पर पहुंची। इस दौरान सहायता राशि की प्रक्रिया पूरी करने के लिए बैंक खाते समेत आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए गए। टीम के सदस्यों ने दिवंगत शिक्षक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
रामप्यारे मूल रूप से मऊ जनपद के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी मीना देवी, दो बेटियां साक्षी और सौम्या तथा बेटा श्रेयांस हैं। पति के निधन के बाद परिवार पर आए संकट के बीच संगठन की यह पहल बड़ी राहत साबित होगी।
टीएससीटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेकानंद ने फोन पर मीना देवी से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि प्रदेश के शिक्षक परिवार की तरह उनके साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग करते रहेंगे।
गौरतलब है कि टीएससीटी से प्रदेश के 4.30 लाख से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षा अधिकारी और शिक्षणेत्तर कर्मचारी जुड़े हैं। संगठन की व्यवस्था के तहत किसी सदस्य की असामयिक मृत्यु होने पर करीब 80 प्रतिशत सदस्य 15-15 रुपये का योगदान करते हैं, जिससे दिवंगत सदस्य के परिजनों को लगभग 50 लाख रुपये की सहायता मिलती है।
टीएससीटी अब तक बलिया जिले के नौ दिवंगत शिक्षक एवं शिक्षामित्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुकी है। इस अवसर पर प्रभाकर तिवारी, सतीश सिंह, चंद्रशेखर पासवान, सतीश मेहता, लालजी यादव, संजय कन्नौजिया, राजेश जायसवाल, अब्दुल अंसारी, संजीव वर्मा, आशुतोष तरुण पांडेय, आमिर शमशाद, सुरेश कुमार, आलोक सिंह, नीतीश त्रिपाठी, जितेंद्र यादव और रवि गुप्त सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
